गांव के ही चार लोगों ने पुरानी रंजिश में दिया वारदात को अंजाम
कर्मी के भाई की तहरीर पर पुलिस ने चारों पर दर्ज किया केस
ड्यूटी से घर लौट रहे एक फैक्टरी कर्मी पर गांव के ही लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
खानपुर थाना क्षेत्र के डेरियो गांव निवासी मोहित लक्सर की एक निजी फैक्टरी में नौकरी करता है। मोहित के भाई विनय ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात करीब 10 बजे वह ड्यूटी करके बाइक से घर लौट रहा था। उसके गांव का विकुल भी था। आरोप है कि जैसे ही वह गांव के पास पहुंचा तो पुरानी रंजिश रखने वाले गांव के ही चार लोगों ने घात लगाकर धारदार हथियारों से हमला बोल दिया।
इसमें मोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। विकुल ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे और मोहित को लक्सर के एक अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। एसओ मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर अमित, आर्यन, सावन और देवराज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।