साइबर ठगों ने वर्क फ्रॉम होम के नाम पर एक महिला को झांसे में लेकर लाखों की ठगी कर ली। महिला को ठगी का पता चला तो उसने पति को जानकारी दी। महिला के पति की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही मामले को जांच के लिए साइबर सेल हरिद्वार भेजने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित दुर्गा कॉलोनी निवासी राजेश कुमार सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि कुछ दिन पहले उनकी पत्नी के पास एक नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने पत्नी को वर्क फ्रॉम होम करने का ऑफर दिया था। साथ ही बताया था कि काम करने की एवज में कंपनी की ओर से उन्हें मुनाफा और वेतन भी दिया जाएगा। बताया कि पत्नी उसके झांसे में आकर काम करने के लिए तैयार हो गई। इसके बाद कॉल करने वाले ने पत्नी को एक टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ दिया।
इसमें पहले ही कई सदस्य जुड़े हुए थे। इसके बाद अलग-अलग पांच और ग्रुपों में जोड़ा गया। ग्रुपों में वर्क फ्रॉम होम के काम भी बताए गए। बताया कि इस बीच कुछ जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी करने के लिए दस्तावेज मांगे गए। साथ ही शुल्क भी जमा करने की बोला गया। कॉल करने वाले ने झांसे में लेकर पत्नी से एक से दो मई के बीच अलग-अलग खातों में 8.20 लाख की रकम जमा करवा ली। बाद में ग्रुप बंद कर दिए गए। इसके बाद पत्नी को ठगी का पता चला। कोतवाली प्रभारी आरके सकलानी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।